अमरावती अब आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी बन गई है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने इस खबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर शेयर किया। सीएम ने लिखा, “आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती है।” यह निर्णय आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 के संसद में दोनों सदनों द्वारा बहुमत से पास होने के बाद लिया गया है।
राजधानी का सपना हुआ पूरा
चंद्रबाबू नायडू ने X पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का धन्यवाद करते हुए लिखा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 की मंजूरी से उनकी राजधानी का पुराना सपना पूरा हुआ। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया, जिन्होंने राज्य के लिए मदद और मार्गदर्शन दिया।
अमरावती के विकास में बड़ा कदम
TDP-NDA सरकार के नेतृत्व में यह फैसला अमरावती के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आंध्र प्रदेश के विभाजन के समय से ही चंद्रबाबू नायडू इसे राज्य का नया प्रशासनिक और राजनीतिक केंद्र बनाने का लक्ष्य रखते थे। अब साफ हो गया है कि राज्य की एक ही राजधानी अमरावती होगी। यह निर्णय प्रशासनिक स्पष्टता और विकास के लिए बड़ा कदम है।

Leave a Comment