Canada In-demand Sectors: कनाडा लंबे समय से भारतीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का पसंदीदा केंद्र बना हुआ है। इस समय देश में चार लाख से अधिक भारतीय छात्र विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी हजारों भारतीय छात्र डिग्री हासिल करने के लिए कनाडा का रुख करेंगे।
हालांकि, इनमें कुछ छात्र ऐसे हैं जो अपनी रुचि और करियर लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए कोर्स का चयन करते हैं, जबकि कई छात्र केवल किसी कोर्स की लोकप्रियता देखकर उसमें दाखिला ले लेते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि विदेश में पढ़ाई के लिए लाखों रुपये खर्च करने वाले छात्रों के लिए सही कोर्स का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही फैसला उनके भविष्य और करियर की दिशा तय कर सकता है। सही कोर्स बेहतर नौकरी और करियर के अवसरों के द्वार खोल सकता है, जबकि गलत चयन आगे चलकर मुश्किलें भी खड़ी कर सकता है।
दरअसल, यह चिंता बेवजह नहीं है। कनाडा में अक्सर देखा जाता है कि कई भारतीय छात्र स्टडी अब्रॉड कंसल्टेंसी की सलाह या किसी कोर्स की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर उसमें दाखिला ले लेते हैं, बिना यह समझे कि उस क्षेत्र में नौकरी के अवसर कितने हैं।
ऐसे कई छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद मुश्किलों का सामना करते हैं, क्योंकि उन्हें अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी नहीं मिल पाती। कनाडा से लगातार ऐसी खबरें सामने आती रहती हैं, जिनमें भारतीय छात्र डिग्री हासिल करने के बावजूद रोजगार पाने के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं।
यही वजह है कि विदेश में पढ़ाई की योजना बना रहे छात्रों के लिए कोर्स का चयन बेहद सोच-समझकर करना जरूरी है। केवल ट्रेंड या दूसरों की सलाह पर फैसला लेने के बजाय, उन्हें नौकरी की मांग, भविष्य की संभावनाओं और अपनी रुचि को ध्यान में रखकर ही कोर्स चुनना चाहिए।
कनाडा में किन कोर्सेज से बन सकता है बेहतर करियर?
पुष्पेंद्र सिंह वर्ष 2022 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे। उन्होंने टोरंटो स्थित Northern College of Applied Arts and Technology से सप्लाई चेन मैनेजमेंट में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा किया और 2024 में अपनी पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह Southland Trailers में इन्वेंटरी कंट्रोलर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। पिछले चार वर्षों में उन्होंने कनाडा के जॉब मार्केट में आए बड़े बदलावों को करीब से देखा है।
नवभारत टाइम्स डॉट कॉम को दिए एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि किन कोर्सेज के जरिए भारतीय छात्र कनाडा में बेहतर करियर बना सकते हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि छात्रों को केवल किसी कोर्स की लोकप्रियता देखकर उसमें दाखिला नहीं लेना चाहिए। इसके बजाय उन्हें ऐसे क्षेत्रों को चुनना चाहिए, जहां रोजगार के अवसर लगातार मौजूद हैं।
पुष्पेंद्र के मुताबिक, हेल्थकेयर, इंजीनियरिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर्स में अभी भी अच्छी नौकरी की संभावनाएं हैं। उनका मानना है कि इन क्षेत्रों से जुड़े कोर्स करने वाले छात्रों के लिए कनाडा में करियर बनाने के अवसर अपेक्षाकृत अधिक हैं। इसलिए किसी भी कोर्स का चयन करने से पहले उसकी बाजार में मांग और भविष्य की संभावनाओं को समझना बेहद जरूरी है।
किन कोर्सेज से दूरी बनाना बेहतर?
पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार, कुछ ऐसे कोर्स भी हैं, जिनकी पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय छात्रों को कनाडा में नौकरी हासिल करने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर सामान्य बिजनेस और मैनेजमेंट प्रोग्राम से ग्रेजुएट होने वाले छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी अधिक है, क्योंकि बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और कौशल एक जैसे होते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे क्षेत्रों में केवल डिग्री हासिल कर लेना पर्याप्त नहीं है। नौकरी के बेहतर अवसर पाने के लिए छात्रों को इंटर्नशिप, को-ऑप प्रोग्राम, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और संबंधित कार्य अनुभव पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, अतिरिक्त व्यावहारिक अनुभव और इंडस्ट्री से जुड़ाव ही ऐसे प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में छात्रों को दूसरों से अलग पहचान दिला सकता है।
कुल मिलाकर, पुष्पेंद्र का मानना है कि छात्रों को किसी भी कोर्स का चयन दूसरों के प्रभाव या ट्रेंड को देखकर नहीं, बल्कि अपनी रुचि और करियर लक्ष्यों को ध्यान में रखकर करना चाहिए। उनके अनुसार, छात्रों को पहले यह समझना चाहिए कि वे किस क्षेत्र में पढ़ाई करना चाहते हैं और उसी आधार पर एडमिशन का फैसला लेना चाहिए।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी कोर्स में दाखिला लेने से पहले जॉब मार्केट की अच्छी तरह से रिसर्च करना बेहद जरूरी है। अक्सर छात्र इस पहलू को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि रोजगार के अवसरों और इंडस्ट्री की मांग को समझने से सही कोर्स चुनने में काफी मदद मिलती है। सही जानकारी और सोच-समझकर लिया गया फैसला ही विदेश में बेहतर करियर की मजबूत नींव बन सकता है।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

