संयुक्त राष्ट्र (UN) के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कनाडा सरकार से ब्रिटिश कोलंबिया (B.C.) के एक सिख एक्टिविस्ट को मिली जान से मारने की धमकियों की जांच में तेजी लाने की अपील की है। विशेषज्ञों ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित व्यक्ति और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
UN विशेषज्ञों ने कनाडा सरकार को लिखा पत्र
संयुक्त राष्ट्र के पांच विशेष मानवाधिकार रिपोर्टर्स (Special Rapporteurs) ने ओटावा को भेजे संयुक्त पत्र में बी.सी. निवासी सिख एक्टिविस्ट Moninder Singh की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पत्र के मुताबिक, कनाडाई पुलिस पहले भी कई बार उन्हें संभावित खतरे के बारे में आगाह कर चुकी है।
UN विशेषज्ञों का कहना है कि सामने आए आरोपों के अनुसार, ये धमकियां भारत सरकार की आलोचना, मानवाधिकार मुद्दों पर उनकी सक्रियता और संयुक्त राष्ट्र के साथ उनके सहयोग को प्रभावित करने या डराने-धमकाने की कोशिश का हिस्सा हो सकती हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
भारत पर लगे आरोपों की जांच की मांग
पत्र में कहा गया है कि यदि ये आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मानवाधिकार गतिविधियों और संयुक्त राष्ट्र के साथ सहयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रतिशोध और अवैध डराने-धमकाने की कार्रवाई मानी जा सकती है।
विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि विभिन्न देशों, विशेष रूप से कनाडा में, सिख एक्टिविस्टों के खिलाफ कथित सीमा-पार दमन (Transnational Repression) के व्यापक पैटर्न को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
कनाडा से मांगा जवाब
करीब नौ पन्नों के इस दस्तावेज में संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों ने कनाडा सरकार से कई सवालों के जवाब मांगे हैं। साथ ही आग्रह किया है कि धमकियों की निष्पक्ष और प्रभावी जांच तेज की जाए, जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और एक्टिविस्ट व उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
UN के विशेष रिपोर्टर्स ने किया हस्ताक्षर
इस संयुक्त पत्र पर UN के विशेष मानवाधिकार रिपोर्टर्स Ben Saul, Gina Romero, Andrea Bolanos Vargas, George Katrougalosऔर Nazila Ghanea के हस्ताक्षर हैं।
हालांकि ये विशेषज्ञ संयुक्त राष्ट्र के नियमित कर्मचारी नहीं हैं, लेकिन उन्हें संगठन की ओर से विशेष मानवाधिकार विषयों पर निगरानी, जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा गया है।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

