कनाडा

बैंकों को लूटकर कर्मचारियों को कहा ‘मैरी क्रिसमस’, टोरंटो के सीरियल बैंक लुटेरे ने अदालत में स्वीकारी बात

📷 IMAGE CREDIT: PIXELS

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो शहर में क्रिसमस 2024 के दौरान सिर्फ 10 दिनों के भीतर पांच अलग-अलग बैंकों को निशाना बनाने वाले शातिर लुटेरे जेफरी लावियोलेट (41) ने आखिरकार अदालत में अपने जुर्म की बात मान ली है। मंगलवार को मेपलहर्स्ट डिटेंशन सेंटर से वीडियो लिंक के जरिए अदालत के सामने पेश हुए 41 वर्षीय आरोपी ने चाकू दिखाकर बैंकों को लूटने के दो मुख्य मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

10 दिनों में 5 डकैतियां, एक ही पैटर्न

अदालती कार्यवाही के मुताबिक, आरोपी जेफरी लावियोलेट ने 20 से 30 दिसंबर 2024 के दौरान सिलसिलेवार तरीके से बैंकों में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। हालांकि आरोपी ने सीधे तौर पर 20 दिसंबर और 30 दिसंबर की दो घटनाओं में अपना जुर्म कबूला, लेकिन अभियोजन पक्ष (क्रिमिनल प्रोसीक्यूशन) ने स्पष्ट किया है कि बाकी की तीन डकैतियों से जुड़े सबूतों को भी केस की फाइल में शामिल रखा जाएगा, ताकि सजा का फैसला सुनाते समय उसके आधार पर सख्त कदम उठाया जा सके।

मुंह ढके बिना ही पहुंच जाता था बैंक

जांच में सामने आया कि आरोपी की कार्यप्रणाली बेहद बेखौफ थी। वह बिना कोई मास्क लगाए या चेहरा ढके सीधे बैंक के अंदर दाखिल होता था, जिससे हर बार सीसीटीवी कैमरे में उसका चेहरा साफ कैद हो जाता था। वह कपड़ों में छिपाकर चाकू साथ ले जाता था और काउंटर पर तैनात बैंक कर्मचारियों से सीधे 2,000 से 3,000 कनाडाई डॉलर की मांग करता था।

आस्तीन से चाकू दिखाकर दी धमकी

पहली वारदात का ब्योरा देते हुए बताया गया कि 20 दिसंबर 2024 को सुबह 10:20 बजे आरोपी इस्लिंगटन एवेन्यू स्थित स्कॉशियाबैंक में पहुंचा। उसने आस्तीन में से चाकू की नोक दिखाते हुए महिला कैशियर से कहा, “मुझे 2,000 डॉलर दो। मैं यहां किसी को नुकसान पहुंचाने या चोट लगाने नहीं आया हूं।”

डर के मारे बैंक कर्मचारी ने मशीन से 250 डॉलर निकालकर एक पारदर्शी थैली में आरोपी को सौंप दिए। कम रकम देखकर जब आरोपी ने नाराजगी जताई, तो कर्मचारी ने मजबूरी जाहिर की कि वह इससे ज्यादा कैश नहीं दे सकती। इसके बाद आरोपी चुपचाप 250 डॉलर लेकर वहां से निकल गया। बाहर निकलते ही वह पास में खड़ी अपनी लाल रंग की माज़दा सेडान कार में बैठकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार इस लाल कार का इस्तेमाल अन्य डकैतियों के दौरान भी किया गया था। फिलहाल अदालत में मामले की सुनवाई जारी है और जल्द ही आरोपी को उसकी सजा सुनाई जाएगी।

snrhd
+ posts

Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

Follow StudioX Hindi News:

Related Stories