टोरंटो: कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की 30 वर्षीया हिमांशी खुराना की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात के करीब सात महीने बाद कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्य संदिग्ध और मृतका के लिव-इन पार्टनर अब्दुल गफूरी (32) को धर दबोचा है। टोरंटो का ही निवासी आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के समन्वय से टोरंटो पीरसन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्तरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से मिला सुराग
टोरंटो पुलिस सर्विस की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, आरोपी अब्दुल गफूरी को शुक्रवार को हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया। हत्या के बाद कनाडाई प्रशासन ने उसके खिलाफ ‘फर्स्ट-डिग्री मर्डर’ (पूर्व-नियोजित हत्या) का गैर-जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस शनिवार को इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा इनपुट के आधार पर ही आरोपी की आवाजाही को ट्रैक किया जा सका और उसे उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
19 दिसंबर की रात से लापता थी हिमांशी
यह दर्दनाक मामला बीते साल 19 दिसंबर 2025 की रात को सामने आया था। टोरंटो पुलिस के पास स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट क्षेत्र से रात करीब 10:41 बजे एक 30 वर्षीया महिला के लापता होने की कॉल दर्ज हुई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत व्यापक खोजबीन अभियान चलाया। अगले दिन, 20 दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 6:30 बजे उसी इलाके के एक रिहायशी मकान के भीतर से हिमांशी खुराना का बेजान शरीर बरामद किया गया था।
डोमेस्टिक वायलेंस का मामला
शव मिलने के बाद टोरंटो पुलिस के होमिसाइड स्क्वाड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे ‘इंटीमेट पार्टनर वायलेंस’ यानी घरेलू हिंसा के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था। शुरुआती जांच में ही उसके साथी अब्दुल गफूरी की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी, हालांकि वह मौका-ए-वारदात से फरार होने में कामयाब रहा था।
कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय के बीच इस घटना से गहरा शोक और रोष था। अब सात महीने के लंबे इंतजार के बाद मुख्य आरोपी पर ‘फर्स्ट-डिग्री मर्डर’ की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

