
पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव किला नौ से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां के रहने वाले 28 वर्षीय युवक राजविंदर सिंह उर्फ राजू की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में गहरा शोक फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, राजविंदर करीब तीन साल पहले स्पॉउस वीज़ा पर अपनी पत्नी के पास कनाडा गया था। वह वहां ब्रैम्पटन शहर में रहकर नौकरी कर रहा था और अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
परिवार पर दुखों का बड़ा संकट टूट पड़ा है।
मृतक के पिता शमशेर सिंह और चाचा अमरजीत सिंह ने बताया कि राजविंदर सिंह बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का युवक था। वह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश गया था।
परिजनों के अनुसार, राजविंदर कनाडा में मेहनत से काम कर रहा था और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभा रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
परिवार इस समय सरकार और सामाजिक संगठनों से अपील कर रहा है कि राजविंदर सिंह के शव को जल्द से जल्द पंजाब लाने में सहायता की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जा सके। इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और रिश्तेदारों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना जता रहे हैं।
इसी बीच, कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों भी शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे।