
Panchayat Season 5 Release Date: प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘पंचायत सीजन 5’ की शूटिंग शुरू होने का ऐलान कर दिया है। सीरीज के चार साल पूरे होने के मौके पर निर्माताओं ने बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें शेयर कर फैंस का उत्साह बढ़ा दिया।
‘पंचायत’ ओटीटी की सबसे सफल और चर्चित सीरीज में गिनी जाती है। इसके अब तक रिलीज हुए चारों सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। पिछले साल 2025 में रिलीज हुआ चौथा सीजन एक बड़े और रोमांचक मोड़ पर खत्म हुआ था, जिसके बाद से दर्शक अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
प्राइम वीडियो ने मार्च 2026 में अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की घोषणा के दौरान ‘पंचायत सीजन 5’ को आधिकारिक रूप से अनाउंस किया था। अब मेकर्स ने सोशल मीडिया पर नई BTS तस्वीरें शेयर करते हुए पुष्टि की है कि शो की शूटिंग शुरू हो चुकी है। पोस्ट में लिखा गया, “फुलेरा में 6 साल हो गए और हम इसे कभी छोड़ना नहीं चाहते। नया सीजन, शूटिंग जारी है।”
हालांकि, अभी तक सीजन 5 की रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक नया सीजन 2026 के आखिर तक रिलीज हो सकता है। पिछले सीजन की तरह यह भी प्राइम वीडियो पर ही स्ट्रीम होगा।
‘पंचायत सीजन 4’ का अंत कई सवालों के साथ हुआ था। सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी अपने CAT परीक्षा के रिजल्ट के बाद भविष्य को लेकर सोचते नजर आए थे। वहीं मंजू देवी चुनावी हार से जूझ रही थीं और प्रधान जी गांव की बदली परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रहे थे। माना जा रहा है कि नया सीजन इसी कहानी को आगे बढ़ाएगा।
सीरीज में एक बार फिर जितेंद्र कुमार सचिव जी की भूमिका में दिखाई देंगे। उनके अलावा रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा भी अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे।
‘पंचायत’ को द वायरल फीवर (TVF) प्रोड्यूस कर रहा है। शो की कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि दीपक कुमार मिश्रा निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।