
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ मोरक्को दूसरी बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहा। टीम ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया और कनाडा को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
2022 विश्व कप में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचने वाली मोरक्को की टीम ने इस बार भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। लगातार दूसरे विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर टीम ने अपनी मजबूती एक बार फिर साबित की। मैच के पहले हाफ में मोरक्को ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और कनाडा पर लगातार दबाव बनाए रखा।
मुकाबले के 82वें मिनट में अज़्ज़ेदीन औनाही ने ब्राहिम डियाज के शानदार पास का बेहतरीन फायदा उठाते हुए अपना दूसरा गोल किया और मोरक्को की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद इंजरी टाइम के अंतिम क्षणों में सोफियान रहीमी ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया और मोरक्को की जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के बाद मोरक्को अब क्वार्टर फाइनल में फ्रांस से भिड़ेगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बोस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां सेमीफाइनल का टिकट दांव पर होगा। दूसरी ओर, सह-मेजबान कनाडा का यादगार विश्व कप अभियान राउंड ऑफ-16 में हार के साथ समाप्त हो गया।
यह कनाडा का तीसरा फीफा विश्व कप था। मैच के दौरान टीम ने कुछ अच्छे आक्रमण जरूर किए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकी। 78वें मिनट में जोनाथन डेविड की फ्री-किक क्रॉसबार से टकरा गई, जिससे कनाडा के गोल करने की उम्मीद भी टूट गई।