
अमेरिका ने 2023 में कनाडा में खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में बड़ा कदम उठाते हुए जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके उत्तर अमेरिकी नेटवर्क के कथित प्रमुख सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि दोनों ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। यही मामला बाद में भारत और कनाडा के बीच गंभीर राजनयिक तनाव की वजह बना।
लॉस एंजिलिस की एक संघीय अदालत में सार्वजनिक किए गए आरोपपत्र के अनुसार, 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में एक गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नेतृत्व वाला आपराधिक नेटवर्क सक्रिय था।
अमेरिकी जांच में यह भी दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई ने जेल में रहते हुए तस्करी के जरिए पहुंचाए गए मोबाइल फोन के माध्यम से इस कथित ऑपरेशन का संचालन किया। आरोपपत्र के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए एक सह-साजिशकर्ता को निज्जर की तस्वीर और उसके ठिकानों की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। वहीं, बचपन का दोस्त बताए गए गोल्डी बराड़ पर उत्तर अमेरिका में ‘लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप’ की गतिविधियों का संचालन करने का आरोप लगाया गया है।
निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में बड़ा तनाव पैदा हो गया था। तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने दावा किया था कि कनाडाई एजेंसियां इस मामले में भारतीय सरकारी एजेंटों की संभावित संलिप्तता से जुड़े विश्वसनीय आरोपों की जांच कर रही हैं। हालांकि, भारत सरकार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें निराधार और अस्वीकार्य बताया था।
अमेरिकी आरोपपत्र में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं, लेकिन इस दस्तावेज में कहीं भी भारतीय सरकार या उसके किसी अधिकारी की भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया है।
हरदीप सिंह निज्जर कनाडा का नागरिक था और वह खालिस्तान नाम से अलग सिख राष्ट्र की मांग का समर्थक माना जाता था। भारत सरकार ने वर्ष 2020 में उसे आतंकवादी घोषित किया था और उस पर प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) से जुड़े होने के आरोप लगाए थे।
अमेरिका और कनाडा की संयुक्त जांच के तहत दायर इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के अलावा भारत स्थित तीन संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कुल 37 लोगों पर रंगदारी, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से 24 आरोपी या तो गिरफ्तार किए जा चुके हैं या पहले से ही हिरासत में हैं।
कनाडा पुलिस ने मई 2024 में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के सिलसिले में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर उन पर आरोप तय किए थे। उस समय जांच एजेंसियों ने यह भी कहा था कि वे इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इन आरोपियों का किसी सरकारी तंत्र से कोई संबंध था। हालांकि, अमेरिका की ओर से दायर आरोपपत्र में कथित हमलावरों के नाम आरोपी के रूप में शामिल नहीं किए गए हैं। दस्तावेज में उन्हें केवल सह-साजिशकर्ता (को-कॉन्सपिरेटर) बताया गया है।
इस बीच, कनाडा में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नेतृत्व में भारत और कनाडा के संबंधों में सुधार के संकेत मिले हैं। कार्नी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा की और दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) पर बातचीत को आगे बढ़ाया। दोनों पक्ष इस वर्ष के अंत तक इस समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
हालांकि, कार्नी सरकार के इस रुख की कुछ सिख संगठनों ने आलोचना भी की है। उनका आरोप है कि कनाडा सरकार भारत के खिलाफ पर्याप्त सख्त रुख नहीं अपना रही है और न ही कनाडा में रहने वाले सिख समुदाय की सुरक्षा तथा कथित विदेशी हस्तक्षेप से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त कदम उठा रही है।