Back to article
STUDIOX NEWS
Tuesday, August 4, 2026ePaperstudioxnews.ca
क्राइम

कनाडा: किस्मत बताने के नाम पर बड़े फ्रॉड का पर्दाफाश, टोरंटो पुलिस को आरोपी शख्स की तलाश

By SNEHA SHARMA

टोरंटो शहर में लोगों के डर और अंधविश्वास का फायदा उठाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ‘फॉर्च्यून टेलर’ (भविष्यवक्ता) का मामला सामने आया है। टोरंटो पुलिस ने 29 वर्षीय एक शख्स के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। आरोप है कि यह शख्स खुद को पहुंचे हुए सिद्ध तांत्रिक और ‘स्पिरिचुअल हीलर’ के रूप में पेश करता था और लोगों को डरा-धमकाकर उनसे भारी-भरकम रकम वसूलता था।

‘इंडियन एस्ट्रोलॉजर’ बनकर फैलाया जाल

पुलिस जांच में सामने आया कि अप्रैल 2024 से सितंबर 2025 के बीच आरोपी ने “इंडियन साइकिक एंड स्पिरिचुअल हीलर” (Indian Psychic and Spiritual Healer) नाम से अपना ठिकाना/ऑफिस खोला हुआ था। वह खुद को भविष्यवक्ता, आध्यात्मिक गुरु और तंत्र-मंत्र का जानकार बताकर सीधे-सादे लोगों को अपने चंगुल में फंसाता था।

डरावने दावे और अजीबो-गरीब कर्मकांड

जांच अधिकारियों के अनुसार, ठगी का शिकार बनाने के लिए आरोपी बेहद योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। वह पीड़ितों के दिमाग में यह खौफ पैदा करता था कि उनके परिवार या किसी करीबी सदस्य पर कोई बहुत बड़ा संकट आने वाला है।

मौत का डर: आरोपी पीड़ितों से दावों के साथ कहता था कि यदि उन्होंने तुरंत आध्यात्मिक सुरक्षा (Spiritual Protection) के उपाय नहीं करवाए, तो उनके किसी बहुत प्रियजन की मौत हो जाएगी या वे किसी गंभीर हादसे का शिकार हो जाएंगे।

नाटक और अनुष्ठान: पीड़ितों का विश्वास जीतने और उन्हें डराने के लिए वह कई तरह के जटिल और अजीब कर्मकांड (Elaborate Rituals) आयोजित करता था।

लाखों की उगाही: अपनों की जान बचाने और संकट को टालने के लिए मजबूर होकर लोग उसे मांगी गई मोटी रकम, पैसे और कीमती सामान सौंप देते थे।

धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग की धाराओं में मामला दर्ज

टोरंटो पुलिस के फाइनेंशियल क्रिम्स यूनिट ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud over $5,000), मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) और अपराध से संपत्ति हासिल करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

टोरंटो पुलिस ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह के अंधविश्वास, डराने वाले दावों या तथाकथित ‘सुरक्षा पूजा’ के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस फिलहाल 29 वर्षीय इस फरार आरोपी का सुराग जुटाने में लगी है।

Read online: https://hi.studioxnews.ca/man-wanted-in-alleged-elaborate-fortune-teller-scam-toronto-police-say/© 2026 StudioX News