इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) की ओर से फ्रेंच भाषा में दक्ष उम्मीदवारों के लिए लगातार नए अवसर दिए जा रहे हैं। हाल ही में आयोजित कैटेगरी-बेस्ड एक्सप्रेस एंट्री ड्रॉ में फ्रेंच भाषा की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई और कुल 5,000 इनविटेशन टू अप्लाई (ITA) जारी किए गए।
इस ड्रॉ में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी थीं। इनमें सबसे अहम था कॉम्प्रिहेंसिव रैंकिंग सिस्टम (CRS) स्कोर, जो कम से कम 420 अंक होना जरूरी था। इसके अलावा, उम्मीदवारों का एक्सप्रेस एंट्री प्रोफाइल निर्धारित समय सीमा के अंदर बनाया हुआ होना चाहिए था। पात्र उम्मीदवारों का प्रोफाइल 15 मई 2026 को सुबह 8:04 बजे (UTC) से पहले एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में मौजूद होना आवश्यक था।
कनाडा सरकार फ्रेंच भाषा जानने वाले इमिग्रेंट्स को बढ़ावा दे रही है, क्योंकि देश के कई प्रांतों में फ्रेंच बोलने वाले लोगों की जरूरत है। ऐसे में फ्रेंच भाषा में अच्छी पकड़ रखने वाले भारतीय छात्र और वर्कर्स के लिए एक्सप्रेस एंट्री के जरिए PR पाने के अवसर बढ़ सकते हैं।
क्यों फ्रेंच भाषा सीखने से कनाडा में PR पाने के मौके बढ़ सकते हैं?
कनाडा में परमानेंट रेजिडेंसी (PR) हासिल करने के लिए CRS (Comprehensive Ranking System) स्कोर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में उम्मीदवारों की रैंकिंग इसी स्कोर के आधार पर की जाती है। सामान्य एक्सप्रेस एंट्री ड्रॉ, जैसे कैनेडियन एक्सपीरियंस क्लास (CEC) और फेडरल स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम (FSWP) में प्रतिस्पर्धा काफी ज्यादा रहती है और कई बार उम्मीदवारों को PR के लिए काफी ऊंचा CRS स्कोर हासिल करना पड़ता है।
कनाडा में पढ़ाई पूरी करने वाले कई भारतीय छात्र ग्रेजुएशन के बाद नौकरी शुरू करते हैं और फिर PR के लिए इन्हीं सामान्य प्रोग्राम्स के जरिए आवेदन करने की कोशिश करते हैं। हालांकि, इन कैटेगरी में बड़ी संख्या में उम्मीदवार आवेदन करते हैं, जिससे कटऑफ स्कोर ऊपर चला जाता है और औसत प्रोफाइल वाले उम्मीदवारों के लिए PR हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
ऐसे में फ्रेंच भाषा एक अतिरिक्त फायदा दे सकती है। फ्रेंच भाषा के लिए आयोजित कैटेगरी-बेस्ड एक्सप्रेस एंट्री ड्रॉ में कटऑफ स्कोर अक्सर सामान्य ड्रॉ की तुलना में कम देखा गया है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी उम्मीदवार का CRS स्कोर लगभग 420 के आसपास है, तो वह भी फ्रेंच भाषा की योग्यता के आधार पर PR के लिए प्रतिस्पर्धा में शामिल हो सकता है।
इसका फायदा उन भारतीय छात्रों और वर्कर्स को मिल सकता है, जिनके पास कनाडा का कुछ वर्षों का कार्य अनुभव है, अंग्रेजी भाषा में अच्छा लेकिन औसत स्कोर है और अभी तक उनके पास कोई जॉब ऑफर नहीं है। अपनी मौजूदा योग्यता के साथ फ्रेंच भाषा सीखने से वे अपनी प्रोफाइल को मजबूत बना सकते हैं और एक्सप्रेस एंट्री में अतिरिक्त अवसर हासिल कर सकते हैं।
इसलिए, अगर आपका लक्ष्य कनाडा में लंबे समय तक बसना है, तो फ्रेंच भाषा सीखना आपकी इमिग्रेशन प्रोफाइल को बेहतर बनाने की एक उपयोगी रणनीति हो सकती है। यह न सिर्फ PR के रास्ते खोल सकती है, बल्कि कनाडा के फ्रेंच भाषी क्षेत्रों में करियर के नए अवसर भी प्रदान कर सकती है।
कनाडा PR के लिए फ्रेंच भाषा के साथ किन शर्तों को पूरा करना होगा?
1. एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम के लिए योग्य होना जरूरी है:
फ्रेंच भाषा का फायदा उठाने के लिए सबसे पहले आपका एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में प्रोफाइल होना चाहिए। इसके अलावा, आपको एक्सप्रेस एंट्री के किसी एक प्रमुख प्रोग्राम के लिए पात्र होना जरूरी है। इनमें कैनेडियन एक्सपीरियंस क्लास (CEC), फेडरल स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम (FSWP) और फेडरल स्किल्ड ट्रेड्स प्रोग्राम (FSTP) शामिल हैं। सिर्फ फ्रेंच भाषा जानना ही काफी नहीं है, बल्कि आपको इनमें से किसी एक प्रोग्राम की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा।
2. फ्रेंच भाषा का मान्यता प्राप्त टेस्ट देना होगा:
फ्रेंच भाषा के आधार पर एक्सप्रेस एंट्री में लाभ पाने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त फ्रेंच लैंग्वेज टेस्ट में अच्छा स्कोर हासिल करना होता है। आमतौर पर उम्मीदवारों को NCLC 7 या उससे अधिक स्तर की फ्रेंच भाषा दक्षता साबित करनी पड़ती है। इसके लिए TEF Canada और TCF Canada जैसे टेस्ट सबसे ज्यादा मान्य माने जाते हैं। उम्मीदवार अपनी तैयारी और सुविधा के अनुसार इनमें से किसी एक टेस्ट का चुनाव कर सकते हैं।
3. फ्रेंच भाषा से CRS स्कोर में मिल सकता है फायदा:
फ्रेंच भाषा सीखने से उम्मीदवारों के CRS स्कोर को बढ़ाने में मदद मिल सकती है। एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में भाषा से जुड़े अंकों के अलावा, फ्रेंच और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की जानकारी रखने वाले उम्मीदवारों को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।
इसका मतलब है कि जिन भारतीय छात्रों या वर्कर्स की प्रोफाइल सामान्य ड्रॉ में मजबूत नहीं बन पाती, वे फ्रेंच भाषा को अपनी स्किल्स में जोड़कर अपना CRS स्कोर बढ़ा सकते हैं और कनाडा PR पाने के अवसरों को बेहतर बना सकते हैं।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

