कनाडा

तूफान जितनी बारिश’ ने मचाई तबाही, ओंटारियो के इस शहर में स्टेट ऑफ इमरजेंसी लागू

📷 IMAGE CREDIT : CNN

ओंटारियो: कनाडा के ओंटारियो प्रांत के सेंट कैथरीन (St. Catharines) शहर में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्टेट ऑफ इमरजेंसी (State of Emergency) घोषित कर दिया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान आई कई तेज बारिश की घटनाओं ने शहर की सड़कों, सीवर और स्टॉर्मवॉटर सिस्टम पर भारी दबाव डाल दिया, जिससे कई इलाकों में गंभीर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई।

शहर के मेयर मैट सिस्को (Mat Siscoe) ने सोमवार को आपातकाल की घोषणा करते हुए कहा कि यह कोई एक बार की बारिश नहीं थी, बल्कि लगातार तीन असाधारण वर्षा की घटनाओं ने पूरे शहर को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि इन हालात से निपटने और तेजी से राहत एवं पुनर्वास कार्य करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

जानकारी के अनुसार, पहली तेज बारिश 21 जुलाई को हुई थी। इसके बाद 27 और 28 जुलाई को फिर भारी वर्षा हुई। कुछ समय की राहत के बाद रविवार को एक और शक्तिशाली बारिश ने शहर की स्थिति और खराब कर दी।

लगातार हुई बारिश के कारण शहर का बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ। कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि सीवर और स्टॉर्मवॉटर सिस्टम क्षमता से अधिक भर गए। इसके चलते कई घरों, व्यवसायों और नगर निगम की इमारतों में पानी घुस गया। साथ ही, सार्वजनिक और निजी संपत्तियों के तटीय क्षेत्रों में भी गंभीर कटाव (Shoreline Erosion) की घटनाएं सामने आई हैं।

शहर प्रशासन के अनुसार, बाढ़ शुरू होने के बाद से ही इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (Emergency Operations Centre) सक्रिय है। यह केंद्र राहत कार्यों का समन्वय करने, प्रभावित लोगों की सहायता पहुंचाने और पुनर्वास संबंधी फैसले लेने में जुटा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि नुकसान का आकलन और रिकवरी का काम अभी भी जारी है।

इस बीच, ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि प्रांतीय सरकार नियाग्रा क्षेत्र के प्रभावित नगरों के साथ मिलकर राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटी है। उन्होंने बताया कि Ontario Corps के साझेदारों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है, जबकि Salvation Army सफाई किट उपलब्ध कराने का समन्वय कर रही है। वहीं, Team Rubicon मलबा हटाने और सफाई अभियान में सहयोग दे रही है। प्रांतीय अधिकारियों की टीमें भी सेंट कैथरीन पहुंचकर स्थानीय प्रशासन की मदद कर रही हैं।

हालांकि, राहत प्रयासों के बीच स्थानीय लोगों में असंतोष भी देखने को मिल रहा है। थोरोल्ड स्थित ब्रॉक गोल्फ कोर्स के मालिक एंड्रयू जूली ने कहा कि आपातकाल घोषित होने के बावजूद उन्हें उच्च स्तर की सरकारों से किसी बड़ी सहायता की उम्मीद नहीं दिख रही। उनका कहना है कि फिलहाल लोग अपने स्तर पर ही नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं और अधिकांश लोगों ने मान लिया है कि इस बार हालात से खुद ही निपटना होगा।

मेयर सिस्को ने बताया कि पिछले सप्ताह आए तीनों तूफानों के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुल मिलाकर करीब 400 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि दूसरी और तीसरी बारिश आने तक जमीन पूरी तरह पानी से संतृप्त हो चुकी थी, जिसके कारण अतिरिक्त पानी को सोखने की कोई क्षमता नहीं बची थी। यही वजह रही कि व्यापक स्तर पर जलभराव और बाढ़ की स्थिति पैदा हुई।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाढ़ के पीछे मुख्य कारण ड्रेनेज सिस्टम की खराबी या रखरखाव में कमी नहीं, बल्कि बेहद असामान्य और रिकॉर्ड स्तर की बारिश थी, जिसने शहर के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व दबाव डाल दिया।

snrhd
+ posts

Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

Follow StudioX Hindi News:

Related Stories