कनाडा

मुफ्त हवाई यात्रा के लिए फर्जी पायलट बना टॉरंटो का व्यक्ति, वायर फ्रॉड मामले में कुबूला अपना जुर्म

📷 IMAGE CREDIT: AIR CANADA

टॉरंटो/होनोलूलू — हॉलीवुड फिल्म ‘कैच मी इफ यू कैन’ की तर्ज पर फर्जी पायलट बनकर सालों तक मुफ्त हवाई यात्रा करने वाले टॉरंटो के एक पूर्व फ्लाइट अटेंडेंट का पर्दाफाश हुआ है। 33 वर्षीय डलास पोकोर्निक (Dallas Pokornik) ने अमेरिकी संघीय अदालत में वायर फ्रॉड (तार धोखाधड़ी) का अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी पर कनाडाई एयरलाइन का पूर्व कर्मचारी रहते हुए फर्जी पहचान पत्र के सहारे सैकड़ों मुफ्त उड़ानें भरने और एयरलाइंस को लाखों का चूना लगाने का आरोप है।

फर्जी आईडी से 4 साल तक एयरलाइंस को दिया चकमा

अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, पोकोर्निक ने जनवरी 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच एक फर्जी एम्प्लॉई आइडेंटिफिकेशन कार्ड (आईडी) का इस्तेमाल किया। इस फर्जी आईडी के जरिए उसने अमेरिका की तीन प्रमुख एयरलाइंस से सैकड़ों फ्री टिकट्स हासिल किए।

यही नहीं, आरोपी खुद को एक पेशेवर पायलट के रूप में पेश करता था और कई बार कॉकपिट में स्थित ‘जंप सीट’ (Jump Seat) पर बैठने की गुजारिश भी करता था—जो सीट आमतौर पर ड्यूटी से बाहर के असली पायलटों के लिए आरक्षित होती है। जबकि असलियत यह थी कि उसके पास किसी भी तरह का एयरमैन सर्टिफिकेट या पायलट लाइसेंस मौजूद नहीं था।

पनामा से गिरफ्तारी के बाद अमेरिका हुआ प्रत्यर्पित

हवाई (District of Hawaii) के अटॉर्नी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने अक्टूबर 2025 में पोकोर्निक के खिलाफ वायर फ्रॉड का मामला दर्ज किया था। इसके बाद वह पनामा भाग गया था, जहाँ से अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन्स (HSI) ने अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद से उसे गिरफ्तार किया और अमेरिका प्रत्यर्पित कराया।

तीन अमेरिकी एयरलाइंस को भरेगा हर्ज़ानाम

अमेरिकी अटॉर्नी केन सोरेंसन ने बताया कि दोषी डलास पोकोर्निक ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति (Guilty Plea) के तहत तीनों पीड़ित अमेरिकी एयरलाइंस को वित्तीय नुकसान की भरपाई (Restitution) करने पर सहमति जताई है। हालांकि अदालत ने सुरक्षा कारणों से एयरलाइंस के नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन वे होनोलूलू, शिकागो और फोर्ट वर्थ (टेक्सास) में आधारित हैं।

अटॉर्नी सोरेंसन ने सख्त लहजे में कहा, “हवाई यात्रा सुरक्षा प्रोटोकॉल हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। जो भी इन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे कानून के कटघरे में लाया जाएगा।” फिलहाल अदालत में आरोपी की सजा की अवधि तय होना बाकी है, जहाँ उसे लंबी जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है।

snrhd
+ posts

Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

Follow StudioX Hindi News:

Related Stories