Study in Canada: कनाडा लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए दुनिया के सबसे पसंदीदा देशों में गिना जाता है। हर साल बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय छात्र यहां पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं, जिनमें भारतीय छात्रों की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, कनाडा में 4 लाख से ज्यादा भारतीय छात्र अध्ययन कर रहे हैं। अधिकांश छात्र इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजनेस मैनेजमेंट और अन्य पेशेवर कोर्सों के लिए कनाडा का रुख करते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ यहां का मजबूत रोजगार बाजार भी छात्रों को आकर्षित करता है, क्योंकि पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें करियर शुरू करने के लिए बेहतर नौकरी के अवसर मिल जाते हैं।
हालांकि, कनाडा केवल इंजीनियरिंग, आईटी और मैनेजमेंट जैसे पारंपरिक कोर्सों के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि हेल्थकेयर एजुकेशन के क्षेत्र में भी इसकी मजबूत पहचान है। यहां ऐसे कई लोकप्रिय हेल्थकेयर प्रोग्राम उपलब्ध हैं, जिनमें छात्र 12वीं के बाद सीधे दाखिला ले सकते हैं, जबकि कुछ कोर्स मास्टर्स स्तर पर भी किए जा सकते हैं। कनाडा की तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी के कारण अस्पतालों, क्लीनिकों और स्वास्थ्य सेवाओं में प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि हेल्थकेयर सेक्टर को भविष्य के सबसे मजबूत करियर विकल्पों में गिना जा रहा है।
कनाडा में लोकप्रिय हेल्थकेयर कोर्स
नर्सिंग:
कनाडा में हेल्थकेयर क्षेत्र की सबसे अधिक मांग वाली पढ़ाई में नर्सिंग शामिल है। भारतीय छात्र यहां BSc Nursing, Practical Nursing Diploma और Advanced Nursing Diploma जैसे कार्यक्रमों में दाखिला लेकर अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में करियर बना सकते हैं।
पब्लिक हेल्थ:
जो छात्र स्वास्थ्य नीतियों, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन में रुचि रखते हैं, उनके लिए Master of Public Health (MPH) एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। यह कोर्स स्वास्थ्य प्रणाली के संचालन, रिसर्च और नीति निर्माण से जुड़े अवसर प्रदान करता है।
हेल्थकेयर एडमिनिस्ट्रेशन:
अस्पतालों, क्लीनिकों और स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन व प्रबंधन में रुचि रखने वाले छात्रों के बीच यह कोर्स काफी लोकप्रिय है। इसके जरिए हेल्थकेयर मैनेजमेंट, ऑपरेशंस और प्रशासनिक भूमिकाओं में करियर बनाया जा सकता है।
डायग्नोस्टिक और मेडिकल टेक्नोलॉजी कोर्स
कनाडा में मेडिकल रेडिएशन टेक्नोलॉजी, सोनोग्राफी और मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में डिप्लोमा और डिग्री प्रोग्राम उपलब्ध हैं। ये कोर्स स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी विशेषज्ञों की बढ़ती मांग को पूरा करते हैं।
फिजियोथेरेपी और ऑक्यूपेशनल थेरेपी
रीहैबिलिटेशन और मरीजों की रिकवरी से जुड़े इन क्षेत्रों में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद लाइसेंस प्राप्त कर पेशेवर तौर पर काम करने के अच्छे अवसर मिलते हैं। कनाडा में इन विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है।
कनाडा में हेल्थकेयर क्षेत्र में करियर की शुरुआत केवल किसी कोर्स या डिग्री को पूरा करने से नहीं होती। डिग्री हासिल करना पहला और जरूरी कदम है, लेकिन पेशेवर तौर पर काम करने के लिए अक्सर लाइसेंस प्राप्त करना भी अनिवार्य होता है। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई छात्र नर्सिंग, फिजियोथेरेपी या अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशे में जाना चाहता है, तो उसे संबंधित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने के बाद लाइसेंसिंग प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। कनाडा में मरीजों की सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकांश हेल्थकेयर प्रोफेशन में लाइसेंस या प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन की शर्त लागू होती है। इसलिए डिग्री के साथ-साथ लाइसेंस प्राप्त करना भी इस क्षेत्र में सफल करियर बनाने का अहम हिस्सा माना जाता है।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

