शार्लेटटाउन, 22 जुलाई 2026: कनाडा के प्रीमियरों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, बढ़ती महंगाई से लोगों को राहत देने और देश की सुरक्षा मजबूत करने के लिए संघीय सरकार से सहयोग मांगा है। प्रीमियरों ने कहा कि कनाडा को मजबूत और आगे बढ़ाने के लिए संघीय, प्रांतीय और क्षेत्रीय सरकारों को मिलकर काम करना जरूरी है।
बैठक के दौरान अमेरिका के साथ व्यापार और टैरिफ का मुद्दा भी उठाया गया। प्रीमियरों ने प्रधानमंत्री के साथ इस मुद्दे पर दोबारा बातचीत करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि कनाडा-अमेरिका-मेक्सिको समझौते (CUSMA) से जुड़ी बातचीत में सॉफ्टवुड लंबर, स्टील, एल्युमिनियम, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटो सेक्टर समेत सभी प्रभावित उद्योगों को शामिल किया जाना चाहिए।
स्वास्थ्य फंडिंग से इमिग्रेशन तक, प्रीमियरों ने रखीं कई मांगें
प्रीमियरों ने कनाडा में बढ़ते स्वास्थ्य खर्च को लेकर चिंता जताते हुए संघीय सरकार से लंबे समय तक फंडिंग जारी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रांतों और क्षेत्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। प्रीमियरों ने 31 मार्च 2028 के बाद भी स्वास्थ्य फंडिंग में हर साल कम से कम 5 प्रतिशत की वृद्धि बनाए रखने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे मानसिक स्वास्थ्य, नशे की समस्या, होम केयर, बुजुर्गों की देखभाल और जरूरी दवाओं जैसी सेवाओं को बेहतर तरीके से जारी रखने में मदद मिलेगी।
बढ़ती महंगाई और आवास की कीमतों को लेकर भी प्रीमियरों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कनाडाई परिवारों को भोजन, पेट्रोल, बिजली और घर की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रीमियरों ने सस्ते और पर्याप्त घर उपलब्ध कराने के लिए संघीय सरकार से सहयोग मांगा और सोशल व अफोर्डेबल हाउसिंग के लिए लंबे समय तक फंडिंग की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी कहा कि सप्लाई चेन और सामान की ढुलाई को बेहतर बनाने से कीमतों को कम करने में मदद मिल सकती है।
आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रीमियरों ने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्थिक प्रोजेक्ट्स को जल्दी मंजूरी देने की मांग की। उन्होंने संघीय सरकार से परमिट और अप्रूवल की प्रक्रिया को तेज करने की अपील की। साथ ही, बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और स्टोरेज क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। प्रीमियरों के अनुसार, इससे क्रिटिकल मिनरल्स, मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और कृषि जैसे क्षेत्रों में रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
चाइल्ड केयर को लेकर भी प्रीमियरों ने संघीय सरकार से बड़ी मांग की। उन्होंने सस्ती और आसानी से उपलब्ध चाइल्ड केयर को रोजगार और आर्थिक विकास के लिए जरूरी बताया। प्रीमियरों ने इसके लिए कम से कम 10 साल की स्थिर और भरोसेमंद फंडिंग की मांग की। उनका कहना है कि प्रांतों को अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार चाइल्ड केयर योजनाएं तैयार करने के लिए पर्याप्त स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
इमिग्रेशन के मुद्दे पर प्रीमियरों ने कहा कि कनाडा को बड़े आर्थिक और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए ज्यादा कुशल कर्मचारियों की जरूरत है। उन्होंने आर्थिक इमिग्रेशन से जुड़े फैसलों में प्रांतों और क्षेत्रों की भूमिका बढ़ाने की मांग की। साथ ही, Provincial Nominee Program (PNP) के तहत प्रांतों को ज्यादा नामांकन देने की अपील की गई, ताकि स्थानीय श्रम बाजार की जरूरतों के अनुसार योग्य विदेशी कर्मचारियों को कनाडा लाया जा सके।
आर्कटिक सुरक्षा, अपराध और प्राकृतिक आपदाओं पर भी जताई चिंता
कनाडा के आर्कटिक क्षेत्र की सुरक्षा और संप्रभुता को लेकर भी प्रीमियरों ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित आर्कटिक कनाडा की संप्रभुता के लिए बेहद जरूरी है। प्रीमियरों ने आर्कटिक और उत्तरी क्षेत्रों में होने वाले रक्षा और विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स में स्थानीय और Indigenous समुदायों को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, आवास और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना भी इस क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दे पर प्रीमियरों ने पुलिस विभागों में कर्मचारियों की कमी और बढ़ते खर्च पर चिंता जताई। उन्होंने संघीय सरकार से RCMP की कॉन्ट्रैक्ट पुलिसिंग के भविष्य को लेकर जल्द फैसला लेने की मांग की। इसके अलावा, युवा हिंसा, गैंग, अवैध हथियार और अवैध तंबाकू से निपटने के लिए लंबे समय की संघीय फंडिंग की मांग की गई। प्रीमियरों ने संगठित अपराध और जबरन वसूली की घटनाओं को रोकने के लिए नए कानून और प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की।
युवाओं पर AI और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी प्रीमियरों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के सामने ऑनलाइन नुकसान और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। प्रीमियरों ने ऑनलाइन नुकसान से बचाने के लिए संघीय कानून का समर्थन किया, लेकिन साथ ही बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी प्राइवेसी और अभिव्यक्ति की आजादी का ध्यान रखने की बात कही।
बैठक में जंगल की आग, बाढ़ और तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं का मुद्दा भी उठा। प्रीमियरों ने कहा कि ऐसी घटनाओं की संख्या और गंभीरता बढ़ रही है। उन्होंने पूरे कनाडा में आपदा से निपटने के लिए एक बेहतर ट्रेनिंग नेटवर्क बनाने पर जोर दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर एक प्रांत के कर्मचारी और संसाधन दूसरे प्रांत में राहत और बचाव कार्यों के लिए जल्दी भेजे जा सकें।
बैठक के अंत में बताया गया कि नॉर्थवेस्ट टेरिटरीज (NWT) के प्रीमियर आर.जे. सिम्पसन 1 अगस्त 2026 से Council of the Federation के चेयर का पद संभालेंगे। इसके अलावा, कनाडा के प्रीमियरों की अगली समर मीटिंग 14 और 15 जुलाई 2027 को नॉर्थवेस्ट टेरिटरीज में आयोजित की जाएगी।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

