मनोरंजन

शादी से इनकार करने पर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नहर में मिला शव, देखें क्या है पूरा मामला

📷 Punjabi Singer Murder

Punjabi Singer Murder: पंजाब के लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। मशहूर पंजाबी सिंगर Inder Kaur उर्फ यशइंदर कौर की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। करीब छह दिन पहले उन्हें बंदूक की नोक पर किडनैप किया गया था और अब उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

6 दिन पहले हुई थी किडनैपिंग

परिवार के मुताबिक, 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फीगो कार से बाजार राशन लेने निकली थीं। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।

इंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें शुरुआत से ही मोगा के गांव भलूर निवासी Sukhwinder Singh उर्फ सुक्खा पर शक था। परिवार का आरोप है कि आरोपी इंदर कौर पर जबरदस्ती शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन सिंगर ने इससे इनकार कर दिया था।

जबरन शादी करना चाहता था आरोपी

परिवार का कहना है कि शादी से मना किए जाने के बाद आरोपी ने रंजिश पाल ली थी। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर कौर को घेर लिया और पिस्तौल की नोक पर उनका अपहरण कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी खास तौर पर कनाडा से पंजाब आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद फिर से फरार हो गया।

नहर में मिला शव

कई दिनों की तलाश के बाद इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद किया गया। शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेज दिया है।

इस घटना ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस पर भी उठे सवाल

परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 15 मई को ही आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस ने तुरंत सख्त कदम उठाए होते तो शायद इंदर कौर की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे हत्या की असली वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

Avatar of Shailly Arya

Shailly Arya is a Hindi Correspondent for StudioX News Canada at hi.studioxnews.ca, specializing in business news, financial journalism, and community affairs for Hindi-speaking diaspora communities in Canada. She brings over three years of journalism experience at some of India's most prominent media organizations, including The Economic Times, ABP Network, Dainik Bhaskar, and Prabhat Khabar. She has authored over 3,100 published articles contributing to millions of monthly readers across ET and ABP Network platforms. Her expertise spans stock markets, mutual funds, business journalism, financial news writing, SEO content, and fact-checking. She holds a PG Diploma in Mass Communication from Sri Venkateshwara University and a BA Economics (Hons.) from Ranchi University.

Follow StudioX Hindi News:

Read in other languages:

Related Stories