हरियाणा की मशहूर डांसर, सिंगर और एक्ट्रेस सपना चौधरी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सपना और उनके पति वीर साहू के बीच चल रहा विवाद अब अदालत तक पहुंच चुका है। हाल ही में दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत देते हुए उनके पति वीर साहू पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं। इस पूरे मामले के बीच लोगों की दिलचस्पी यह जानने में भी बढ़ गई है कि आखिर वीर साहू कौन हैं और क्या करते हैं।
कोर्ट ने वीर साहू पर लगाई रोक
मंगलवार को हुई सुनवाई में द्वारका कोर्ट ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी तरह संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने और उन्हें परेशान करने से रोक दिया है। सपना ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप लगाते हुए याचिका दाखिल की थी।
याचिका में यह भी दावा किया गया कि वैवाहिक विवादों के चलते सपना को अपना ससुराल छोड़ना पड़ा और फिलहाल वह दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
कौन हैं वीर साहू?
वीर साहू हरियाणा के रहने वाले हैं और मनोरंजन जगत में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उनका जन्म हिसार जिले के मदनहेरी गांव में एक किसान जाट परिवार में हुआ था। साल 2020 में सपना चौधरी और वीर साहू की शादी की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद दोनों की शादी की पुष्टि हुई।
क्या करते हैं सपना चौधरी के पति?
वीर साहू पेशे से सिंगर, राइटर और अभिनेता हैं। उन्हें हरियाणवी संगीत और फिल्मों में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। उन्होंने साल 2016 में फिल्म ‘थड्डी बड्डी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘गांधी फिर आ गया’, ‘रशूक आला जाट’, ‘यार लैंडलॉर्ड’ और ‘खलनायक’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
बताया जाता है कि वीर साहू हरियाणवी संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम करते रहे हैं। उनकी शिक्षा को लेकर यह भी कहा जाता है कि वह एमबीबीएस की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं।
सपना ने पहले भी बयां किया था अपना दर्द
साल 2025 में सपना चौधरी ने कई इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए अपनी निजी परेशानियों का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि मां बनने के बाद उन्हें बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा। सपना ने यह भी खुलासा किया था कि उन्होंने एक मिसकैरेज झेला और उनकी एब्डॉमिनल सर्जरी भी हो चुकी है।
सपना ने कहा था कि समाज अक्सर महिलाओं के संघर्ष को नजरअंदाज कर देता है और केवल उनके बाहरी रूप पर टिप्पणी करता है।
‘मेरी जिंदगी की स्थिति बहुत खराब थी’
एक भावुक वीडियो में सपना चौधरी ने अपनी मानसिक और भावनात्मक परेशानियों के बारे में भी खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी जिंदगी का एक दौर बेहद कठिन था और वह खुद को टूटता हुआ महसूस कर रही थीं।
सपना ने यह भी कहा था कि हर इंसान की तरह उन्हें भी रिश्तों में प्यार, सम्मान और समझ की जरूरत है। उन्होंने संकेतों में बताया था कि वह ऐसे लोगों से दूर रहना चाहती हैं जो सिर्फ उनसे अपेक्षाएं रखते हैं लेकिन उनकी भावनाओं को नहीं समझते।
फिल्म ‘मोमाकू’ के प्रीमियर को लेकर भी जताई चिंता
कोर्ट में सपना की ओर से पेश अधिवक्ता ने बताया कि 10 जून को उनकी फिल्म ‘मोमाकू’ का प्रीमियर आयोजित होना है, जिसमें उनकी मौजूदगी जरूरी है। याचिका में आशंका जताई गई कि इस दौरान कोई विवाद या व्यवधान उनके करियर और सुरक्षा को प्रभावित कर सकता है।
कोर्ट ने सबूतों को गंभीरता से लिया
सुनवाई के दौरान अदालत ने रिकॉर्ड में मौजूद दस्तावेज, चोटों की तस्वीरें और ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत विभिन्न साक्ष्यों का अवलोकन किया। शुरुआती स्तर पर मामले को गंभीर मानते हुए कोर्ट ने सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी। ऐसे में हरियाणा की इस चर्चित जोड़ी का विवाद आने वाले दिनों में और सुर्खियां बटोर सकता है।
Shailly Arya is a Hindi Correspondent for StudioX News Canada at hi.studioxnews.ca, specializing in business news, financial journalism, and community affairs for Hindi-speaking diaspora communities in Canada. She brings over three years of journalism experience at some of India's most prominent media organizations, including The Economic Times, ABP Network, Dainik Bhaskar, and Prabhat Khabar. She has authored over 3,100 published articles contributing to millions of monthly readers across ET and ABP Network platforms. Her expertise spans stock markets, mutual funds, business journalism, financial news writing, SEO content, and fact-checking. She holds a PG Diploma in Mass Communication from Sri Venkateshwara University and a BA Economics (Hons.) from Ranchi University.
