कनाडा में परमानेंट रेजिडेंसी (PR) हासिल करने की तैयारी कर रहे विदेशी वर्कर्स के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। सरकार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
इमिग्रेशन, रिफ्यूजी एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने इस सिस्टम में बड़े सुधार का प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव के तहत मौजूदा तीन इमिग्रेशन प्रोग्राम को हटाकर उनकी जगह एक एकीकृत PR प्रोग्राम लाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इस बदलाव का जिक्र IRCC के 2026-2028 के ‘फॉर्वर्ड रेगुलेटरी प्लान’ में भी किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम के तहत चल रहे तीन प्रमुख प्रोग्राम—फेडरल स्किल्ड वर्कर क्लास, कैनेडियन एक्सपीरियंस क्लास और फेडरल स्किल्ड ट्रेड्स क्लास—को समाप्त किया जा सकता है। इनके स्थान पर एक नया एकीकृत प्रोग्राम लाने की योजना है, जिसके जरिए विदेशी वर्कर्स को PR देने की प्रक्रिया को सरल बनाया जा सकता है।
अगर यह बदलाव लागू होता है, तो इसका सीधा फायदा वर्कर्स को मिल सकता है। फिलहाल यह योजना प्रस्ताव के स्तर पर है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इस पर चर्चा तेज होगी और इसके बाद अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
सरकार एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में बदलाव क्यों चाहती है?
इस प्रस्ताव से संकेत मिलता है कि कनाडा सरकार अपने प्रमुख इमिग्रेशन सिस्टम को देश के बदलते लेबर मार्केट के अनुसार ढालना चाहती है। इमिग्रेशन, रिफ्यूजी एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) का मानना है कि नए ढांचे का उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था और व्यवसायों को बेहतर तरीके से समर्थन देना है।
इसके तहत सरकार ऐसे कुशल पेशेवरों का एक मजबूत पूल तैयार करना चाहती है, जो लेबर मार्केट की मांग के अनुरूप हो। साथ ही, नियमों को सरल बनाने से न सिर्फ आवेदकों बल्कि कंपनियों और अन्य भागीदारों के लिए भी PR प्रक्रिया को समझना और अपनाना आसान हो जाएगा।

Leave a Comment