आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर नहीं बनाया, लेकिन इसके बावजूद मैच आखिरी ओवर तक पहुंच गया।
अब सवाल उठता है कि गुजरात टाइटंस की इस हार का जिम्मेदार कौन है। आखिर किसकी वजह से टीम को अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा।
जॉस बटलर का बल्ला फिर रहा खामोश
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में एक बार फिर जॉस बटलर का बल्ला नहीं चला। वे लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहे, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट काफी धीमा रहा। जब टीम को तेज रन बनाने की जरूरत थी, उसी वक्त वे आउट हो गए।
गुजरात की पारी की शुरुआत साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने की, लेकिन टीम को पहला झटका जल्दी लग गया। साई सुदर्शन सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए, तब टीम का स्कोर 37 रन था।
इसके बाद जॉस बटलर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। उनके आने के बाद शुभमन गिल और ग्लेन फिलिप्स भी जल्दी आउट हो गए। बटलर क्रीज पर काफी देर तक टिके रहे, लेकिन रन गति नहीं बढ़ा पाए। वे 33 गेंदों पर सिर्फ 38 रन बनाकर 16वें ओवर में आउट हुए, जब टीम का स्कोर 129 रन था। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, लेकिन अंत के ओवरों में टीम को जिस तेजी की जरूरत थी, वह नहीं मिल पाई।
खराब फॉर्म में जूझ रहे हैं जॉस बटलर
जॉस बटलर इस समय खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। उम्मीद थी कि वे आईपीएल में वापसी करेंगे, लेकिन अब तक ऐसा देखने को नहीं मिला है। पिछले 15 टी20 पारियों में उन्होंने 201 गेंदों पर सिर्फ 232 रन बनाए हैं। उनका औसत करीब 15 का है और स्ट्राइक रेट भी लगभग 115 के आसपास ही रहा है। इस दौरान वे न तो शतक लगा पाए हैं और न ही अर्धशतक तक पहुंच सके हैं। पिछला आईपीएल सीजन भी उनके लिए खास नहीं रहा था।
कम स्कोर के बावजूद आखिरी ओवर तक पहुंचा मैच
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 162 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर मैच जीत लिया। अगर बटलर थोड़ी तेज बल्लेबाजी करते और टीम का स्कोर 180 के करीब पहुंचता, तो मुकाबला गुजरात के पक्ष में जा सकता था।
बटलर लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहे, लेकिन रन नहीं बना पाए। ऐसे में गुजरात की इस हार के लिए उन्हें सबसे बड़ा जिम्मेदार माना जा रहा है। अब आने वाले मैचों में उनकी फॉर्म पर सबकी नजरें रहेंगी।

Leave a Comment