टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में दया बेन के किरदार से मशहूर अभिनेत्री दिशा वकानी के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके पिता और जाने-माने अभिनेता भीम वकानी का निधन हो गया। उन्होंने अहमदाबाद में अंतिम सांस ली और वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे।
भीम वकानी एक अनुभवी कलाकार थे और उन्होंने अपने बच्चों—दिशा वकानी और शो में सुंदरलाल का किरदार निभाने वाले मयूर वकानी—के करियर को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया था।
असित कुमार मोदी ने जताया शोक
शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने बातचीत में इस दुखद खबर की पुष्टि की और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उन्हें सुबह ही परिवार से इस बारे में जानकारी मिली।
असित मोदी ने कहा कि भीम वकानी एक अनुभवी अभिनेता, चित्रकार और निर्देशक थे। दिशा वकानी को दयाबेन के रूप में मिली सफलता में उनके पिता का बड़ा योगदान था और उन्होंने उनकी करियर बनाने में पूरी मेहनत की थी।
उन्होंने यह भी बताया कि भीम वकानी के साथ उनका रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं था, बल्कि पारिवारिक जैसा था। जब भी वह मुंबई आते थे, उनके घर ही ठहरते थे। उनके निधन से असित मोदी को गहरा सदमा लगा है और उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने अपने परिवार का एक सदस्य खो दिया हो।
फिल्मों से लेकर टीवी तक रहा लंबा सफर
भीम वकानी मनोरंजन जगत का एक जाना-माना नाम थे। उन्होंने आमिर खान की मशहूर फिल्म ‘लगान’ में काम किया था और अपने करियर में शाहरुख खान व माधुरी दीक्षित जैसे बड़े सितारों के साथ भी स्क्रीन शेयर की। वह शाहरुख खान की फिल्म ‘स्वदेश’ में भी नजर आए थे।
खास बात यह है कि भीम वकानी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कुछ एपिसोड्स में भी दिखाई दिए थे, जहां उन्होंने जेठालाल के पिता के दोस्त का किरदार निभाया था।
उनके दोनों बच्चे—दिशा वकानी और मयूर वकानी—आज जिस मुकाम पर हैं, उसमें भीम वकानी के मार्गदर्शन और परवरिश का बड़ा योगदान रहा है।

Leave a Comment