अमेरिका पर व्यापार निर्भरता कम करने और वैश्विक बाजारों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कनाडा सरकार एक नया “रणनीतिक निर्यात कार्यालय (Strategic Exports Office) शुरू करने जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू (Maninder Sidhu) ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह कार्यालय कनाडाई कंपनियों को दुनिया भर में बड़े और लाभदायक विदेशी व्यापार समझौते हासिल करने में मदद करेगा।
सिद्धू ने बताया कि यह नया कार्यालय संघीय सरकार के एक हिस्से के रूप में काम करेगा और कनाडाई कंपनियों व सरकारी अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, “हम कनाडा का पहला रणनीतिक निर्यात कार्यालय शुरू कर रहे हैं, जो हमारी बेहतरीन कंपनियों को दुनिया के सबसे कठिन बाजारों में बड़े अनुबंध हासिल करने में मदद करेगा।”
मंत्री ने इस कार्यालय को सरकार स्तर का एक डील मेकर’बताते हुए कहा कि यहां रणनीतिक समर्थन, सरकारी वित्तीय सहायता और कूटनीतिक सहयोग को एक ही जगह उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में कूटनीतिक और वित्तीय विशेषज्ञों के साथ-साथ विभिन्न उद्योगों से जुड़े कारोबारी प्रतिनिधियों का सहयोग भी शामिल होगा।
कनाडा सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब ओटावा अमेरिका के बाहर नए व्यापारिक साझेदार तलाशने और निर्यात बाजारों में विविधता लाने पर जोर दे रहा है।
कनाडा सरकार दुनिया भर में नए व्यापारिक साझेदारों की तलाश तेज कर रही है। यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कनाडाई निर्यात पर नए और व्यापक टैरिफ लगाए जाने का खतरा मंडरा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका अगले महीने कनाडा से होने वाले कई तरह के निर्यात पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लागू कर सकता है, जिससे कनाडा की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इसी चुनौती को देखते हुए ओटावा अमेरिका पर व्यापारिक निर्भरता कम करने और दुनिया के अन्य बाजारों में कनाडाई उत्पादों के लिए नए अवसर तलाशने की रणनीति पर काम कर रहा है।
इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति ट्रंप ने तीन अलग-अलग कारणों का हवाला देते हुए नए टैरिफ से जुड़े तीन कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए थे।
इनमें कनाडाई प्रांतों और क्षेत्रों की ओर से अमेरिकी शराब उत्पादों के बहिष्कार, अमेरिका में बने वाहनों और ऑटो पार्ट्स पर कनाडा के जवाबी टैरिफ, और कनाडा की सप्लाई मैनेजमेंट व्यवस्था के तहत अमेरिकी डेयरी उत्पादों के आयात पर लगी सीमाएं शामिल थीं।
कनाडा सरकार का मानना है कि नए रणनीतिक निर्यात कार्यालय और व्यापार विविधीकरण की योजना के जरिए देश वैश्विक बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत कर सकेगा।
Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

