कनाडा

Ontario Science Centre: टोरंटो सिटी काउंसिल ने पूर्व ओंटारियो साइंस सेंटर की जमीन प्रांत को सौंपने की मांग की

Ontario Science Centre: ओंटारियो साइंस सेंटर को बंद किए जाने के करीब दो साल बाद अब इसे लेकर टोरंटो में नया प्रस्ताव सामने आया है। शहर के दो पार्षदों का मानना है कि अब सेंटर को उसकी पुरानी जगह पर दोबारा शुरू करने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है। ऐसे में उन्होंने प्रांतीय सरकार से पूर्व साइंस सेंटर की इमारत का नियंत्रण टोरंटो शहर को सौंपने की मांग की है, ताकि स्थानीय सामुदायिक संगठन इस परिसर का उपयोग कर सकें।

कभी बच्चों और पर्यटकों से गुलजार रहने वाले इस परिसर में फिलहाल कोई खास गतिविधि नजर नहीं आती। डॉन मिल्स रोड के पास स्थित पूर्व साइंस सेंटर के आसपास इन दिनों मुख्य रूप से ओंटारियो लाइन के निर्माण कार्य चल रहे हैं।

पार्षद जॉन बर्नसाइड और जोश मैटलो ने सिटी काउंसिल के सामने एक प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य लंबे समय से खाली पड़ी इमारतों को दोबारा उपयोग में लाना है। दोनों पार्षद चाहते हैं कि इमारत की मालिक ओंटारियो सरकार इसे टोरंटो शहर को हस्तांतरित करे, जबकि जिस जमीन पर यह परिसर स्थित है, उसमें शहर की भी हिस्सेदारी है।

डॉन वैली ईस्ट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बर्नसाइड ने कहा कि शहर इस महत्वपूर्ण स्थान पर मौजूद इमारत और जमीन का बेहतर इस्तेमाल करने के विकल्प तलाश रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व साइंस सेंटर के आसपास स्थित फ्लेमिंगडन पार्क और थॉर्नक्लिफ पार्क जैसे समुदायों को इस जगह को सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित किए जाने से फायदा मिल सकता है। इसके अलावा, पास में स्थित एक स्कूल के लिए भी यह परिसर उपयोगी साबित हो सकता है।

टोरंटो के पूर्व ओंटारियो साइंस सेंटर को सामुदायिक उपयोग में लाने की योजना के तहत पास के एक स्कूल को परिसर में शिफ्ट करने का सुझाव भी सामने आया है। डॉन वैली ईस्ट के पार्षद जॉन बर्नसाइड ने कहा कि पास स्थित मार्क गार्नो स्कूल में जगह की कमी लगातार बढ़ रही है और वहां 13वां पोर्टेबल क्लासरूम लगाया जा रहा है।

बर्नसाइड के मुताबिक, ऐसी स्थिति में स्कूल के कुछ हिस्से को पूर्व साइंस सेंटर की इमारत में स्थानांतरित करने का विकल्प तलाशा जा सकता है। उनका कहना है कि इससे खाली पड़े परिसर का बेहतर इस्तेमाल होने के साथ-साथ स्कूल की बढ़ती जरूरतों को भी पूरा किया जा सकता है।

यह प्रस्ताव बुधवार से शुरू होने वाली सिटी काउंसिल की मौजूदा कार्यकाल की आखिरी बैठक में पेश किया जाएगा। प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रांतीय सरकार ने जिस आधार पर इस सुविधा को छोड़ने की बात कही थी, उसके कुछ सबसे खराब संभावित परिणाम सामने नहीं आए।

प्रस्ताव के अनुसार, लगातार दो सर्दियों में रिकॉर्ड बर्फबारी के बावजूद इमारत की छत नहीं गिरी, जबकि प्रांतीय अधिकारियों ने पहले ऐसी आशंका जताई थी।

वहीं, पांच दशक से अधिक समय पहले इस प्रतिष्ठित इमारत को डिजाइन करने वाली मोरियामा तेशिमा आर्किटेक्ट्स के आर्किटेक्ट ब्रायन रूडी ने भी इस पहल को व्यावहारिक बताया। उन्होंने माना कि परिसर को नए उद्देश्य के लिए तैयार करने में समय और पैसा दोनों लगेंगे, लेकिन उनके मुताबिक इस इमारत को दोबारा उपयोग में लाकर नया जीवन दिया जा सकता है।

snrhd

Sneha Sharma is a Senior Hindi Correspondent for StudioX News Canada, leading the Hindi editorial desk at hi.studioxnews.ca. She brings over three years of journalism experience across print, digital, and broadcast media in India. Her career includes roles at Jagran New Media (Her Zindagi), Zee News Hindi, TV100, Rashtriya Sahara, Amar Ujala, and Search India News, where she worked as a content writer, ground reporter, and news anchor. She holds a BA in Journalism and Mass Communication from Dev Sanskriti University, Haridwar. At StudioX News, she covers Canada immigration, community affairs, South Asia news, and diaspora stories for Hindi-speaking communities across Canada.

Follow StudioX Hindi News:

Related Stories